गाजीपुर। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच गाजीपुर में पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। थाना सुहवल क्षेत्र में गंगा के टापू पर फंसे 12 चरवाहों और 2,000 से अधिक भेड़ों को संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की रात सूचना मिली कि ग्राम डूहिया सरैया के पास गंगा नदी के टापू पर 12 चरवाहे अपनी करीब 2,000 से 2,500 भेड़ों के साथ फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में एडीएम, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, पुलिस, प्रशासन, फ्लड कंपनी पीएसी और स्थानीय नाविकों की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रात के अंधेरे में फंसे लोगों और पशुओं की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए नाइट विजन ड्रोन कैमरे का भी उपयोग किया गया।
लोकेशन चिन्हित होने के बाद शुरू हुए अभियान में करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी 12 चरवाहों और 2,000 से अधिक भेड़ों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय ग्रामीणों और चरवाहों ने पुलिस एवं प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: रिजवान अंसारी
लोकेशन: गाजीपुर
