एटा। एटा जिले में 40 घंटे की तलाश के बाद नहर में डूबे 21 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, मारहरा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी 21 वर्षीय देवराज सिंह कासगंज की हजारा नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए थे। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।
करीब 40 घंटे की खोजबीन के बाद देवराज का शव एटा जिले के नेचलपुर गांव के पास सुन्ना नहर से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पिता वीरपाल सिंह, भाई कैलाशचंद्र और बहन पिंकी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पिलुआ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
