ललितपुर। जिले के मिर्चवारा गांव में पिछले एक महीने से बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने महरौनी मार्ग पर चक्का जाम कर विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
चक्का जाम के कारण महरौनी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान जनसुनवाई के लिए ललितपुर जा रहे महरौनी क्षेत्राधिकारी (सीओ) का वाहन भी जाम में फंस गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया गया।
रिपोर्ट: अभिषेक दीक्षित
लोकेशन: ललितपुर
