एटा। एटा शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोतवाली नगर क्षेत्र के निधौली रोड पर एक ठेके के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान छोटेलाल, निवासी चोंचा वन के रूप में हुई है। राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हादसा, बीमारी या अन्य किसी कारण सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
