Rahul Gandhi Claims Unpublished Book of General Naravane Is Available on Amazon
नई दिल्ली।पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की कथित अप्रकाशित किताब को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि जनरल नरवणे की किताब अमेजन पर उपलब्ध है।
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दिल्ली पुलिस ने किताब के कथित सर्कुलेशन की जांच के लिए एफआईआर दर्ज की है। वहीं, प्रकाशन संस्था पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया है कि जनरल नरवणे की किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है।
राहुल गांधी का दावा
लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जनरल नरवणे के एक ट्वीट में किताब का लिंक फॉलो करने की बात कही गई है। राहुल ने कहा,
“या तो जनरल नरवणे सच नहीं बोल रहे हैं या फिर पेंगुइन रैंडम हाउस झूठ बोल रहा है। मुझे नहीं लगता कि एक पूर्व सेना प्रमुख झूठ बोलेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि पेंगुइन का कहना है कि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है, जबकि वह अमेजन पर उपलब्ध दिखाई दे रही है। राहुल गांधी ने जनरल नरवणे के उस ट्वीट का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने 2023 में किताब खरीदने की अपील की थी।
‘मुझे नरवणे पर ज़्यादा भरोसा’
कांग्रेस सांसद ने कहा,
“मुझे पेंगुइन से ज़्यादा नरवणे जी पर भरोसा है। क्या आपको एक पूर्व आर्मी चीफ पर भरोसा नहीं होगा?”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संभव है किताब में कुछ ऐसे तथ्य हों जो भारत सरकार और प्रधानमंत्री के लिए असहज करने वाले हों। उन्होंने कहा कि अब यह तय करना जनता पर है कि सच कौन बोल रहा है—पेंगुइन रैंडम हाउस या देश के पूर्व थलसेना प्रमुख।
