सीतापुर। तंबौर थाना परिसर में आयोजित फायर सुरक्षा एवं बचाव प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रशिक्षण की कवरेज कर रहे 4TV के पत्रकार नन्द किशोर नाग आग बुझाने के अभ्यास के दौरान झुलस गए। पूरी घटना मौके पर मौजूद कैमरे में कैद हो गई।
प्रशिक्षण के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को गैस सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाने के तरीके बता रही थी। इसी दौरान पत्रकार नन्द किशोर नाग भी अभ्यास में शामिल हुए और पानी से भीगी तौलिया की मदद से जलते सिलेंडर की आग बुझाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही भीगी तौलिया सिलेंडर पर डाली गई, जलता हुआ गैस सिलेंडर अचानक उनकी ओर लुढ़क गया। आग की लपटें उनके चेहरे और हाथ तक पहुंच गईं, जिससे वे झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय ने तत्काल बर्फ मंगवाकर प्राथमिक राहत दिलाई। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार से संपर्क कर आवश्यक दवा की व्यवस्था कराई गई, ताकि जलने के प्रभाव को कम किया जा सके।
गनीमत रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यह घटना फायर सेफ्टी प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और पर्याप्त सावधानी बरतने की आवश्यकता को भी उजागर करती है।
