सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर किशोर को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला सदरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंगेठुआ के तुरनी गांव का है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब दो बजे रियाज अली अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई।
हादसे में 13 वर्षीय मोहम्मद सलमान पुत्र रियाज अली मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दीवार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सलमान को मलबे से बाहर निकाला।
वहीं घर में मौजूद सलमान की मां शबनम और उसकी दोनों बहनों शहनाज व मेनाज को भी ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल सलमान को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
