बलरामपुर। विकास के दावों के बीच जिले में बदहाल सड़क व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। चौधरीडीह से जयरामपुर खादर को जोड़ने वाली करीब 20 वर्ष पुरानी सड़क जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क गांव को ब्लॉक और जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। बरसात के मौसम में चारों ओर बने नालों और जलभराव के कारण हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब है कि कई बार एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीजों और प्रसव पीड़ित महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए चारपाई या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण कराने और बरसात के दौरान आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
