सीतापुर। जिले के महमूदाबाद कोतवाली परिसर में एक युवक के ब्लेड से घायल होने की घटना से हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना को लेकर पुलिस और घायल युवक के परिजनों के दावों में अंतर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोतीपुर गांव में पटाखे की चिंगारी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। अगले दिन दोनों पक्ष समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान फिर कहासुनी हो गई और 25 वर्षीय राहुल ब्लेड लगने से घायल हो गया।
घायल राहुल के परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के संतराम ने पुलिस की मौजूदगी में राहुल के गले और हाथ पर ब्लेड से हमला किया। वहीं, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने की बात पर राहुल ने कथित तौर पर खुद ही छोटे ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार कर लिया।
घायल राहुल को पहले सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना के बाद कोतवाली परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
