महोबा। कबरई विकासखंड के इलाहीपुरा सिद्धन क्षेत्र में करीब 500 मीटर जर्जर सड़क को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। आजादी के बाद से अब तक सड़क का निर्माण न होने से परेशान सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की।
छात्रों ने बताया कि खराब सड़क के कारण उन्हें रोज स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई छात्र साइकिल से फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं और घायल अवस्था में ही विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मौके का निरीक्षण कर जांच की। उन्होंने अभिभावकों और बच्चों को आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही सड़क निर्माण की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।
यह मामला कबरई विकासखंड के इलाहीपुरा सिद्धन प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय से जुड़े छात्रों का है, जिन्होंने सुरक्षित सड़क की मांग को लेकर प्रशासन से जल्द समाधान की अपील की है।
