जालौन। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय औरेखी में निलंबित प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेख अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। इस मामले में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सहित पूरे स्टाफ ने थाना जालौन में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
स्टाफ की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद जब्बार सिद्दीकी को 19 अगस्त 2026 को वित्तीय अनियमितताओं, राष्ट्रीय प्रतीकों के कथित अपमान और अन्य आरोपों की जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जालौन द्वारा निलंबित किया गया था। निलंबन के बाद से वह अवकाश पर बताए जा रहे हैं।
शिक्षकों का आरोप है कि 24 अगस्त को निलंबित प्रधानाध्यापक विद्यालय पहुंचे और स्टाफ, एआरपी तथा खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा फोन पर मना किए जाने के बावजूद विद्यालय के कई महत्वपूर्ण अभिलेख अपने साथ ले गए। स्टाफ का कहना है कि इससे सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ होने और जांच प्रभावित होने की आशंका है।
विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने थाना प्रभारी से अभिलेखों को तत्काल वापस दिलाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
तहरीर देने वालों में अभिषेक पुरखकर, अनिल सिंह, विवेक कुमार, मनीष कुमार, अर्चना, मोहम्मद खालिद, सुमनलता दोहरे, कमल मिह, प्रमोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ शामिल है।
फिलहाल, यह आरोप विद्यालय स्टाफ की तहरीर पर आधारित हैं। मामले में पुलिस और संबंधित शिक्षा विभाग द्वारा जांच के बाद ही तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
