रक्षाबंधन के त्योहार से पहले बागपत में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा शिकंजा कसा है। जिले में देर रात से लेकर आज तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी में भारी मात्रा में मावा और पनीर पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि 8 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
बागपत में त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर है। रक्षाबंधन से पहले विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
पिलाना के पास मेरठ से दिल्ली जा रहे मावे से भरे आईसर कैंटर को टीम ने रुकवाकर जांच की। मावा अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। मिलावट की आशंका पर मावे के 5 विधिक नमूने लिए गए और करीब 1 लाख 23 हजार रुपये कीमत का 410 किलो मावा मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इसके बाद बड़ौत क्षेत्र में मावा भट्टी पर कार्रवाई करते हुए 45 किलो मावा नष्ट कराया गया और उसका विधिक नमूना लिया गया।
वहीं पनीर के गोदामों पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा। एक गोदाम से क्रीम और दूसरे गोदाम से पनीर का विधिक नमूना लिया गया। जांच के दौरान 65 किलो मिलावटी पनीर, जिसकी कीमत करीब 18 हजार 200 रुपये थी, उसे भी मौके पर नष्ट करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लिए गए सभी विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-II डीपी सिंह के निर्देश पर की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य और निधि रानी शामिल रहीं।
