बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित डीएम रोड के होली चाइल्ड हेल्थ केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, खानपुर कस्बा निवासी अहद (डेढ़ वर्ष) शरीर में खून की भारी कमी से पीड़ित था। बताया गया कि उसका हीमोग्लोबिन मात्र 4.2 था। परिजनों ने 21 अगस्त को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक की मां सना का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर नगर कोतवाल सुजीत कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चा खानपुर नगर पंचायत चेयरमैन का भतीजा था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
