प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मेढ़ौली गांव में शनिवार शाम नाले में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। चाचा का शव घटना के करीब 30 मिनट बाद मिल गया था, जबकि भतीजे का शव रविवार सुबह बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा (25) पुत्र फूलचंद विश्वकर्मा बांध के रास्ते नाले की दूसरी तरफ जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तेज बहाव में गिर गया। भतीजे को डूबता देख उसके चाचा नन्हे विश्वकर्मा (45) उसे बचाने के लिए नाले में कूद गए। तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए।
स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की और करीब 30 मिनट बाद नन्हे का शव बाहर निकाल लिया। सूचना पर रानीगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और कस्बा चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लल्ले की तलाश देर रात तक जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रविवार सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने फिर तलाश शुरू की। करीब 7 बजे मेढ़ौली-चकसरा बॉर्डर स्थित मकतब स्कूल के पीछे लल्ले का शव बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नन्हे की पत्नी की बीमारी से करीब दो साल पहले मौत हो चुकी थी। अब उसके 10 वर्षीय बेटे सूरज और 4 वर्षीय बेटी प्राची के सिर से पिता का साया भी उठ गया। बच्चों को रोता देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
