Ghaziabad: Two Robbers Arrested After Police Encounter, Injured in Leg Firing
गाजियाबाद। सर्विलांस टीम और सिहानी गेट थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रोकने की कोशिश करने पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर लोहियानगर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ऑटो लेकर भागने लगा। पीछा करने पर ऑटो एक मैदान में फंस गया, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर साकिर और पवन को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उनके दो साथी शादाब (निवासी लोनी) और सुमित (निवासी बंथला, लोनी) मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक ऑटो और एक महिला से ठगी गई सोने की ज्वेलरी बरामद की है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 15 अगस्त को सिहानी गेट क्षेत्र में एक महिला यात्री को झांसे में लेकर उसकी सोने की ज्वेलरी ठग ली थी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
