बुलंदशहर। जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खुर्जा क्षेत्र के गांव डाबर स्थित श्रीराम डेयरी मिल्क प्रोडक्ट पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने डेयरी से पनीर, दूध और घी के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि इससे पहले भी श्रीराम डेयरी के नमूने जांच में फेल पाए जा चुके हैं। शासन के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
