Ghaziabad: गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में हुई घर में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 85 ग्राम सोने के आभूषण, 1.1 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 65,870 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरम निवासी लल्लू सिंह मौर्य ने 27 जुलाई को घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद ली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 22 अगस्त को गोविंदपुरम बस अड्डे के पास से आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़ित के मकान में किराये पर रहता था और उसे घर में रखे जेवर व नकदी की पूरी जानकारी थी। पीड़ित के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर उसने 24 जुलाई की रात कटर से ताला और अलमारी का लॉकर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन एवियेटर गेम खेलने के कारण करीब 9 लाख रुपये के कर्ज में डूब गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
