Bulandshahr: बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही नाबालिग छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अहमदगढ़ थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, खेलिया और सोरखा गांव के बीच स्कूल जा रही छात्राओं के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। परिजनों का आरोप है कि इससे पहले भी छात्राओं के साथ इसी तरह की घटना हो चुकी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
पुलिस ने छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
