Woman Bank Employee Threatens Customer in Kanpur, Caste Remark Video Goes Viral
कानपुर। के एक निजी बैंक में महिला कर्मचारी और कस्टमर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बैंक कर्मी आस्था सिंह गुस्से में कस्टमर को धमकी देती नजर आ रही हैं और जातिसूचक टिप्पणी करती सुनाई दे रही हैं। इस घटना ने शहर में जातिवाद और कार्यस्थल व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
मामला पनकी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी बैंक शाखा का बताया जा रहा है, जहां आस्था सिंह नाम की महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। किसी बात को लेकर उनकी एक महिला ग्राहक से कहासुनी हो गई। पहले दोनों के बीच सामान्य बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला गरमा गया और कर्मचारी आक्रामक हो उठीं। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आस्था सिंह काफी गुस्से में हैं। वह लैपटॉप उठाकर ग्राहक की ओर फेंकने की धमकी देती हैं। इस दौरान बैंक की अन्य महिला कर्मचारी उन्हें शांत कराने की कोशिश करती नजर आती हैं। ग्राहक जब उनकी भाषा पर आपत्ति जताती हैं तो आस्था कहती हैं, “तू मेरी लैंग्वेज नहीं सुधार पाएगी… ठाकुर हूं मैं, तेरी ऐसी की तैसी कर दूंगी।”
ग्राहक ने अन्य कर्मचारियों से शिकायत करते हुए कहा कि उन्होंने आस्था को बहन कहकर बात की थी, लेकिन फिर भी उनके साथ गलत तरीके से पेश आया गया। विवाद बढ़ता देख बैंक में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि अब तक उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक, यदि कोई तहरीर दी जाती है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो के आधार पर लोग बैंक कर्मचारी के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं और कार्यस्थल पर अनुशासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
