सीतापुर। जनपद के ऐलिया ब्लॉक स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, हरधौरपुर में छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मांगें पूरी न होने से नाराज कुछ छात्रों ने खुद को हॉस्टल के कमरे में बंद कर लिया और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे जिलाधिकारी से वार्ता कराने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। छात्रों ने अपनी समस्याओं के समाधान और जिलाधिकारी से सीधे संवाद की मांग पर जोर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी स्वयं विद्यालय पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने छात्रों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
फिलहाल जिलाधिकारी और छात्रों के बीच वार्ता जारी है। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ता के बाद ही मांगों पर अंतिम निर्णय स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
