प्रेमनगर/फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकान के बाहर लगे टीन शेड के लोहे के पाइप में घरेलू बिजली का करंट उतर आया। इसी दौरान बगल से गुजर रहा एक नाबालिग युवक लोहे के पाइप की चपेट में आकर करंट से चिपक गया और झटका लगने से नाली में जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
- मिली जानकारी के अनुसार घटना प्रेमनगर कस्बा में मंडवा रोड मोड़ के पास सुपर कम्प्यूटर के बगल की बताई जा रही है। युवक अपनी कॉस्मेटिक की दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान समीप स्थित बाल कटिंग (सैलून) की दुकान के बाहर पड़े टीन शेड के लोहे के पाइप को छूते ही उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया।
- युवक के करंट से चिपकते ही आसपास मौजूद दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लकड़ी और डंडे की मदद से युवक को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे आनन-फानन हथगाम ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
- घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली केबल को हटाकर फाल्ट को ठीक किया। हादसे के बाद कस्बे के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
