संभल। संभल के रजपुरा थाना पुलिस ने लोगों को हनी ट्रैप और फर्जी शादी के नाम पर ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग की एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कैमरे और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह लोगों को दो अलग-अलग तरीकों से निशाना बनाता था। पहले तरीके में आरोपी लोगों को कमरे पर बुलाते थे, जहां पहले से हिडन कैमरे लगाए जाते थे। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर पीड़ितों को ब्लैकमेल किया जाता और उनसे अवैध रूप से रुपये वसूले जाते थे।
दूसरे तरीके में गैंग की महिला शादी के नाम पर दुल्हन बनती थी। आरोप है कि शादी की पहली रात के बाद ही वह घर में रखी नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाती थी।
पीड़ितों की शिकायत के आधार पर रजपुरा पुलिस ने जाल बिछाकर एक महिला और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक संभल ने इस कार्रवाई के लिए रजपुरा पुलिस टीम की सराहना की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऐसे झांसे की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
