गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर बाघागाड़ा के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से गोरखपुर आ रही काशी डिपो की रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में बस चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बस में कुल 37 यात्री सवार थे। बाघागाड़ा के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक दयाशंकर यादव, निवासी बसहुपुर गांव, सेवापुरी (वाराणसी) को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
घायल यात्रियों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में अरविंद कुमार गुप्ता, ज्ञानवती देवी, अन्नू, राकेश यादव, रागिनी मिश्रा, राकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, अमरजीत प्रसाद, हुमायूं हाशमी, मोहम्मद रफी, मोहम्मद इमरान, सुरेश गुप्ता, संदीप कुमार और सुंदरी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के ट्रक के पिछले हिस्से से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
रिपोर्ट: जफर खान, गोरखपुर
