इटावा: राहुल यादव हत्याकांड में इटावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी अंशुल यादव और उसके साथी सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में अंशुल यादव के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला जसवंतनगर थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा गांव का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अंशुल यादव और उसके साथियों के खिलाफ पहले से हत्या का मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को एसओजी, सर्विलांस और जसवंतनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम धनुवा रोड, खुशालपुरा और खेड़ा बुजुर्ग के बीच संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी अंशुल यादव के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथी सुखवीर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर), चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 2,120 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के मामले में थाना जसवंतनगर में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि राहुल यादव हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत, इटावा
