मेरठ: मेरठ रोड स्थित शिव शांति हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज के तीमारदारों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अस्पताल संचालक समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पचगांव पट्टी निवासी नीरज, पुत्र धर्मेंद्र, अपने नवजात शिशु का इलाज कराने के लिए शिव शांति हॉस्पिटल पहुंचे थे। आरोप है कि इलाज से संतुष्ट न होने पर उन्होंने अस्पताल संचालक नासिर अली से बच्चे की छुट्टी करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के बाद अस्पताल संचालक नासिर अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक नासिर अली समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: सचिन पवार, मेरठ
