Bomb Threat Emails Sent to 9 Prominent Schools in Delhi, Security Agencies on High Alert
नई दिल्ली।सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित 9 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। ये ईमेल सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच प्राप्त हुए, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचना दी।
धमकी भरे ईमेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने और अफजल गुरु का उल्लेख किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड की टीमें तुरंत स्कूल परिसरों में पहुंचीं और गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सुरक्षा कारणों से कई स्कूलों में छात्रों को कक्षाओं से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। कुछ स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई, जबकि अभिभावकों को भी तत्काल सूचना देकर बच्चों को सुरक्षित ले जाने को कहा गया।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, दक्षिणी दिल्ली के कैंब्रिज स्कूल और द इंडियन स्कूल, रोहिणी का वेंकेटेश्वर स्कूल, सीएम स्कूल, बाल भारती स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का कैंब्रिज स्कूल, आईएनए स्थित डीटीए स्कूल और पूर्वी दिल्ली का एहल्कॉन पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही है। दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट और तकनीकी टीमें ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
पुलिस ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के मुताबिक सभी प्रभावित स्कूलों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
