कुशीनगर: जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश पर युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।
घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के पोखरभिंडा की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
बताया जा रहा है कि युवती भिसवा बाजार की रहने वाली है और पिछले करीब तीन वर्षों से एक युवक के साथ प्रेम संबंध में है। इसी मामले में युवक पहले जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच फिर से संपर्क हुआ।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले युवक युवती के घर पहुंचा था, जहां दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए गए।
युवती की मांग थी कि दोनों परिवारों के बीच दर्ज मुकदमे वापस कराए जाएं और उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए। युवती का दावा था कि उसका प्रेमी शादी के लिए तैयार है, लेकिन उसके परिवार वाले इसके लिए सहमत नहीं हैं।
करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक युवती को समझाया। पुलिस के आश्वासन के बाद वह सुरक्षित टॉवर से नीचे उतर आई, जिसके बाद उसे आगे की कार्रवाई और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
गौरतलब है कि हाटा क्षेत्र में हाल के दिनों में टॉवर और पानी की टंकी पर चढ़कर मांग मनवाने की यह लगातार तीसरी घटना है। इससे पहले भी प्रेम प्रसंग और आपसी विवादों को लेकर ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती को सुरक्षित बचा लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
रिपोर्ट: अहमद हुसैन, कुशीनगर
