सीतापुर: जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे किनारे किए गए कब्जों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी (DM) कोर्ट के आदेश के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री की जमीन हाल ही में न्यायालय के आदेश के बाद सरकार के नाम दर्ज हुई थी। इसके बावजूद इस भूमि पर आठ से दस लोहे के खोखे लगाकर अवैध अतिक्रमण किया गया था।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सभी अवैध कब्जों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
