एटा: मलावन थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। शटडाउन होने के बावजूद विद्युत पोल पर काम कर रहे 32 वर्षीय लाइनमैन उपेंद्र पुत्र चंद्रपाल की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल लाइनमैन को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लाइन पर शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद करंट आने से हादसा हुआ। आखिर शटडाउन के बाद लाइन में बिजली कैसे आई, इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है और जिम्मेदारी तय किए जाने की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
