गोरखपुर। नागपंचमी के पावन पर्व पर गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बदौली बाबू गांव में पोखरे में स्नान करने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नागपंचमी के अवसर पर गांव के कई बच्चे पास के पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान साचिन (15), अनुज (14) और हरीश (14) खेलते-खेलते गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बांसगांव के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों किशोरों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और नागपंचमी का त्योहार मातम में बदल गया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
