रिपोर्ट: रिजवान उददीन | जिला संवाददाता | 4TV News, फतेहपुर
फतेहपुर। सावन सोमवार के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ई-रिक्शा को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।
यह हादसा सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पताहपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु ई-रिक्शा से गंगा नदी में स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
घायलों में गीता देवी, केतन शर्मा (25), शलोनी शर्मा (22), अर्शी (4 वर्ष), आराध्य (6 वर्ष) सहित अन्य लोग शामिल हैं। वहीं दो वर्षीय अंशु और 27 वर्षीय लक्ष्मी को गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
