एटा। जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के शिवसिंहपुर में 30 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान हर प्यारी, पत्नी नरोत्तम, निवासी शिवसिंहपुर के रूप में हुई है। उनका शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। आत्महत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
