बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय लियाकत गुलावठी रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द घटना के खुलासे का दावा कर रही है।
