कानपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कानपुर के कल्याणपुर स्थित पारस पैलेस में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेता ब्रजेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, हिंसा और लाखों लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी, कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी सहित अन्य नेताओं ने विभाजन के दौरान अपने घर-परिवार और मातृभूमि से विस्थापित हुए लोगों तथा जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का विभाजन देश के इतिहास का एक अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है, जिसकी त्रासदी को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य केवल उस दर्दनाक इतिहास को याद करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उस दौर के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान से अवगत कराना तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देना भी है।
सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास के दुखद अनुभवों से सीख लेकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के आयोजक ब्रजेश तिवारी ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद रखना इसलिए आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उस दौर की परिस्थितियों को समझ सकें और समाज में आपसी सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को और मजबूती मिल सके।
इस दौरान जितेंद्र सिंह सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
