कानपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कानपुर के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का शानदार माहौल देखने को मिला। भाजपा युवा नेता एवं समाजसेवी रवि बाजपेई के नेतृत्व में शुक्रवार को भव्य ‘विशाल तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद संदीप चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। शहीद की पत्नी किरण चौहान ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा दोपहर 2 बजे पनकी रोड स्थित वैदेही गेस्ट हाउस से शुरू होकर अशोक नगर, कोकाकोला चौराहा होते हुए दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भूतपूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उनके योगदान को नमन किया गया।
समापन समारोह में रवि बाजपेई ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा शहीदों और वीर जवानों के बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक प्रयास है। उन्होंने सभी से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिव शक्ति अखाड़ा के महंत मधु रामशरण सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
