विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकनसीतापुर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में विभाजन की पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और बलिदानों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
नगर विकास मंत्री राकेश राठौर गुरु और कारागार मंत्री सुरेश राही समेत जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता मजबूत करने का संदेश दिया।विकास भवन सभागार में आयोजित प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, विस्थापन और आम नागरिकों की पीड़ा को चित्रों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन के दौरान लोगों के संघर्ष एवं बलिदान की जानकारी प्राप्त की।इस दौरान विभाजन विभीषिका पर आधारित शॉर्ट वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें लोगों के घर-बार छोड़ने, अपनों से बिछड़ने और विस्थापन की मानवीय पीड़ा को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री राकेश राठौर गुरु ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस पीड़ादायक अध्याय की याद दिलाता है, जिससे लाखों लोगों को विस्थापन और अपनों से बिछड़ने का दर्द झेलना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करना जरूरी है।कारागार मंत्री सुरेश राही ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना है, ताकि ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने युवाओं से इतिहास को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।एमएलसी पवन सिंह चौहान ने भी एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी ली। प्राथमिक विद्यालय मुईजुद्दीनपुर, विकासखंड बिसवां के सहायक अध्यापक रामेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा लगाए गए स्टॉल की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम भी कराया गया।
मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने परिवारों को शुभकामनाएं दीं और बच्चों एवं माताओं के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी समेत जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।कुल मिलाकर सीतापुर में आयोजित यह कार्यक्रम जहां नई पीढ़ी को विभाजन के इतिहास और उसकी पीड़ा से परिचित कराने का माध्यम बना, वहीं राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
