एटा। मारहरा थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित शिवचिंताहरण मंदिर में भगवान गणेश और शनिदेव की प्राचीन मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक पर शराब के नशे में मंदिर में घुसकर मूर्तियां तोड़ने का आरोप है। बताया गया कि मंदिर के पुजारी ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ हाथापाई करने की भी कोशिश की।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मंदिर समिति के सदस्य थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलदीप पुत्र हरिभान शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
