बागपत। बागपत में दो युवकों की कथित हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में दफनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले का मुख्य आरोपी पुजारी नरेश नाथ अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान उज्ज्वल पांचाल के रूप में हुई है। एक अन्य संदिग्ध की तलाश भी जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के शव घटना के करीब 19 दिन बाद मंदिर परिसर से बरामद किए गए थे, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह आरोप सामने आया है कि अनैतिक संबंधों का विरोध करने पर दोनों युवकों की हत्या की गई। साथ ही यह भी आरोप है कि उन्हें जहर का इंजेक्शन देने के बाद मंदिर परिसर में दफना दिया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी पुजारी नरेश नाथ और अन्य संदिग्ध की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
