From Semiconductors to Digital Payments and AI, India–Malaysia Seal Six Major Agreements
नई दिल्ली: भारत और मलेशिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच छह महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। कुआलालंपुर में हुई इस उच्चस्तरीय बातचीत में सांस्कृतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री मोदी की दो दिवसीय मलेशिया यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापक चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, यह यात्रा भारत-मलेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर साबित हुई।
कई अहम क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश के साथ-साथ सेमीकंडक्टर, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री सहयोग, ऊर्जा, नवीकरणीय संसाधन, पर्यटन, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों ने पारंपरिक और उभरते क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई।
किन क्षेत्रों में हुए समझौते
इस दौरान सुरक्षा सहयोग, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में भागीदारी, सेमीकंडक्टर विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और भ्रष्टाचार-रोधी सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ।
इसके अलावा ऑडियो-विजुअल सह-निर्माण, व्यावसायिक शिक्षा और मलेशिया में कार्यरत भारतीय श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़े समझौते भी किए गए। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संस्थागत और व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करना है।
थिरुवल्लुवर केंद्र और नया वाणिज्य दूतावास
प्रधानमंत्री मोदी ने यूनिवर्सिटी मलाया में एक विशेष थिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करने और थिरुवल्लुवर छात्रवृत्तियों की शुरुआत की घोषणा की। इसका उद्देश्य प्राचीन तमिल कवि एवं दार्शनिक थिरुवल्लुवर की शिक्षाओं को बढ़ावा देना और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एवं जन-स्तरीय संबंधों को मजबूत करना है।
इसके साथ ही भारत ने मलेशिया में अपना पहला वाणिज्य दूतावास खोलने का फैसला भी किया, जिससे राजनयिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी और भारतीय नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
आयुर्वेद, डिजिटल भुगतान और कनेक्टिविटी
यूनिवर्सिटी ऑफ साइबरजया और आईटीआरए जामनगर के बीच हुआ समझौता आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध एवं शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देगा।
डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में एनपीसीआई इंटरनेशनल (NIPL) और मलेशिया की PayNet के बीच द्विपक्षीय भुगतान प्रणाली विकसित करने पर सहमति बनी है, जिसमें UPI को जोड़ने की योजना है। इससे पर्यटकों, छात्रों और व्यापारियों के लिए तेज, सस्ता और सुरक्षित भुगतान संभव होगा।
पर्यावरण और व्यापारिक साझेदारी
मलेशिया ने इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस में शामिल होने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं, जिससे वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा 10वें भारत-मलेशिया CEO फोरम की रिपोर्ट भी दोनों प्रधानमंत्रियों को सौंपी गई। इस रिपोर्ट में व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं।
