बरेली। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बरेली में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बाइक और स्कूटी तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद शाम को विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैदल तिरंगा यात्रा निकाली।
बरेली के बिशप मंडल इंटर कॉलेज से बाइक और स्कूटी तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इसके बाद शाम को पंचायती राज, ग्राम्य विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैदल तिरंगा रैली निकाली। रैली विकास भवन से शुरू होकर गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और जिलाधिकारी आवास के सामने से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। अधिकारियों, कर्मचारियों, आईटीबीपी जवानों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से 14 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय रूप से भाग लेने और अभियान को सफल बनाने की अपील की।
