बुलंदशहर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों के दौरान बुलंदशहर के काला आम चौराहे पर गुब्बारों में गैस भरने वाले सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, काला आम चौराहे पर तिरंगा यात्रा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गुब्बारों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में राजेश पुत्र राम सिंह, निवासी गडरियो वाली गली साठा और राकेश पुत्र रामगोपाल, निवासी चील घर बाईपास, शिकारपुर रोड घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। राकेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
सिलेंडर फटने की घटना के बाद काला आम चौराहे पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
वहीं भाजपा कार्यकर्ता विपिन पाल समेत कुछ अन्य कार्यकर्ता घायलों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और उनके इलाज की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गैस सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ।
