बरेली। बरेली के कैंट क्षेत्र में 200 गज के प्लॉट पर कथित कब्जे और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज एक ही परिवार की चार महिलाओं ने कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बचा लिया। घटना से कलक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मानपुर चिकटिया निवासी परिवार के 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी द्वारा करीब दो महीने से कथित कब्जा किया गया है। परिवार का आरोप है कि विवादित जमीन पर निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। मंगलवार को निर्माण रुकवाने पहुंचीं महिलाओं के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारी और सदर एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों से की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर बुधवार को परिवार की चार महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन के दौरान अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।
महिलाओं को ऐसा करते देख कलक्ट्रेट गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन्हें आग लगाने से रोक दिया। समय रहते हस्तक्षेप होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंटेलिजेंस के दरोगा ओमपाल सिंह ने जिलाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया। अधिकारियों ने महिलाओं को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चारों महिलाओं को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन का कहना है कि प्लॉट पर कथित कब्जे, मारपीट और पुलिस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
