एटा। एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के नगला मोती गांव में घरेलू कलह के बीच 35 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नगला मोती गांव निवासी 35 वर्षीय सतेंद्र ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू कलह को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
