बुलंदशहर। जिले के अरनिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर से अलीगढ़ की ओर जा रही एक आल्टो कार ने खेत से काम करके लौट रही दो महिलाओं और एक बालिका को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे में आल्टो कार चालक भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
