जालौन। जिले के आटा थाना क्षेत्र के अटरिया गांव में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर लाठी-डंडे चले और इसके बाद कथित फायरिंग की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में तमंचानुमा हथियार दिखाई दे रहा है और फायरिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद कथित तौर पर फायरिंग भी हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
