अमरोहा। जनपद के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते एक युवक ने दूसरे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
