एटा। जिले के मिरहची थाना क्षेत्र के नगला भगत गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से छत पर खेल रही पांच मासूम बच्चियां मलबे में दब गईं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चियां घर की छत पर खेल रही थीं, तभी अचानक मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में सभी बच्चियां मलबे के नीचे दब गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चियों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल बच्चियों को तत्काल उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम सभी बच्चियों की हालत पर नजर बनाए हुए है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
