फतेहपुर। जिले के ललौली थाना क्षेत्र के मेंवली गांव में रविवार शाम एक 21 वर्षीय युवती का शव घर के किचन में फंदे से लटका मिलने से परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी रामकिशोर यादव ने सूचना दी कि उनकी 21 वर्षीय बेटी निशु रविवार शाम करीब 5:45 बजे घर के किचन में थी। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव और बहुआ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर मदद लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
