Woman’s Body Found Wrapped in Blanket on Yamuna Expressway in Agra, Mehndi on Hands and Lipstick on Lips
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव माइलस्टोन 148 के पास पाया गया। पुलिस के अनुसार महिला के हाथों और पैरों में मेहंदी लगी हुई थी, होठों पर लिपस्टिक और आंखों में काजल था। कंबल को काले टेप से कसकर बांधा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया।
पुलिस ने मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई है। महिला सलवार-सूट पहने हुए थी और उसके पैरों में बिछिया थी, जिससे उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
दोपहर करीब 3:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के पास स्थित गांव सौरई के ग्रामीण बकरी चराने गए थे। इस दौरान उन्हें सड़क किनारे एक कंबल दिखाई दिया, जिससे तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने पेट्रोलिंग कर रहे सुरक्षा कर्मियों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार मौके पर पहुंचे। कंबल हटाने पर महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
शरीर पर मिले अहम सुराग
पुलिस को मृतका के हाथ और कंधे पर ‘S R’ लिखा हुआ मिला है। वहीं एक हाथ पर ‘सनी’ नाम लिखा हुआ था, जिसे मिटाने की कोशिश की गई थी। महिला की उंगली में अंगूठी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला को धोखे से बुलाया गया और उसे इस बात का अंदेशा नहीं था कि उसकी हत्या कर दी जाएगी।
पुलिस के मुताबिक महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। उसने खुद को बचाने का प्रयास भी किया था, जिस कारण गले पर चोट के निशान पाए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जिस स्थान पर शव मिला है, वहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर दिल्ली रोड और लगभग दो किलोमीटर आगे मथुरा की सीमा शुरू हो जाती है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारा या तो आगरा की ओर से आया होगा या फिर दिल्ली की तरफ से।
पुलिस खंदौली टोल प्लाजा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को भी खंगाला जा रहा है। ‘सनी’ नाम के व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है।
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
