सावन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में आस्था और श्रद्धा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपकौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर और ब्रजघाट गंगा घाट पर कांवड़ियों एवं शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
जैसे ही हेलीकॉप्टर से फूलों की पंखुड़ियां बरसनी शुरू हुईं, पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों ने प्रशासन के इस सम्मानजनक स्वागत का उत्साह के साथ स्वागत किया।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
